मेरे रक्त में है राष्ट्र और समाज सेवा: डॉ कल्पना सैनी

देहरादून:

उत्तराखंड से राज्यसभा सदस्य का निर्विरोध चुनाव जीतने के बाद डॉ. कल्पना सैनी का पार्टी प्रदेश मुख्यालय में भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राष्ट्र और समाज सेवा मेरे रक्त में है और इसे हमेशा निभाती रहूंगी।

पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा डॉ. कल्पना सैनी का विधानसभा से लेकर भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक रैली निकाल कर भव्य स्वागत किया गया। भाजपा मुख्यालय में प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार, प्रदेश महामंत्री सुरेश भट्ट, महापौर सुनील उनियाल गामा, हरिद्वार जिला महामंत्री आदेश सैनी, पूर्व विधायक सुरेश चंद जैन, प्रदेश कार्यालय सचिव कौस्तुबा नंद जोशी समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने पिछड़े वर्ग एवं महिला वर्ग का सम्मान कर डॉ. कल्पना सैनी को राज्यसभा भेजा है। पद प्रतिष्ठा सब कुछ मिल सकती है, इसके लिए हम सबको अपनी योजना और रीति नीति के अनुसार समाज के लिए काम करना होगा।

उन्होंने कहा कि डॉ. कल्पना पिछड़े वर्ग एवं महिलाओं के बीच लगातार कार्य करती रही हैं। इसके परिणाम स्वरूप पार्टी ने उन्हें राज्यसभा भेजा है। यह हम सब के लिए गौरव का विषय है। डॉ कल्पना सैनी सैनी समाज की उच्च शिक्षित महिला हैं। उन्होंने सामाजिक परिवेश की जानकारी रखते हुए सेवा का जो संकल्प लिया है उसे अब एक मंच मिल गया है। वह राज्यसभा के माध्यम से देश, प्रदेश तथा समाज की समस्याओं को सुलझाने का प्रयास करेंगी।

प्रदेश महामंत्री सुरेश भट्ट ने डॉ. कल्पना सैनी को प्रमाण पत्र मिलने की बधाई देते हुए कहा कि शपथ लेने के बाद आपकी जिम्मेदारियां देश व समाज की सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

इस अवसर पर डॉ कल्पना सैनी ने अपने अभिनंदन समारोह के लिए समस्त वरिष्ठ पदाधिकारियों तथा पार्टी के कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने जो विश्वास मुझ पर जताया है मैं उस विश्वास पर खरा उतरने का पूर्ण प्रयास करूंगी। समाज सेवा हमारे रक्त में है ओर इसे मैं आजीवन निभाते रहूंगी।

About Author

You may have missed