देहरादून
रात करीब साढ़े आठ बजे कोचिंग से घर लौट रही नौवीं की छात्रा का रास्ता गली में खड़े दो मनचलों ने रोक लिया। दोनों के चेहरे ढके हुए थे। अचानक इनमें से एक बदमाश ने तमंचा निकाला और छात्रा पर तान दिया। इससे पहले कि वह फायर करता छात्रा ने हाथ पकड़कर तमंचे का रुख ऊपर की ओर कर दिया। इससे फायर हवा में हुआ और घबराहट में वह पीछे की ओर गिर गई। अचानक वह उठी और मनचलों पर झपट पड़ी। यह देख दोनों भाग निकले।
घटना पटेलनगर थाना क्षेत्र के कारगी स्थित शिवालिक एनक्लेव में हुई। नौवीं की छात्रा मंगलवार शाम करीब सात बजे कंप्यूटर कोचिंग गई थी। रात करीब सवा आठ बजे वह कोचिंग से निकली। घर से करीब 300 मीटर पीछे मोड़ के पास पहुंची तो अंधेरी गली में खड़े दो युवकों ने उसकी स्कूटी रोक ली।
एक ने उस पर तमंचा तान दिया। लेकिन, छात्रा ने बहादुरी दिखाते हुए उसका हाथ पकड़कर ऊपर की ओर कर दिया। इससे हवा में फायर हो गया। इसकी चिंगारी छात्रा के गले पर भी गिरी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के घरों से लोग बाहर आ गए। उन्होंने श्वेता को उठाया और पुलिस को फोन किया।
कुछ देर बाद पटेलनगर पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन, दोनों युवक भाग चुके थे। छात्रा ने पुलिस को बताया कि दोनों युवकों ने मंकी कैप पहनी थी। उनकी सिर्फ आंखें दिख रही थीं। इंस्पेक्टर पटेलनगर सूर्यभूषण नेगी ने बताया कि युवकों की तलाश में क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज चेक किए जा रहे हैं। परिजनों की शिकायत पर अज्ञात युवकों के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

More Stories
देहरादून में जमीन के नाम पर 25 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप, मोथरोवाला में टिहरी विस्थापितों की जमीन दिलाने का दिया झांसा, सरकारी कर्मचारी ने कई लोगों के साथ मिलकर लगाया लाखों का चूना, पीड़ित ने एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार
मुख्यमंत्री ने देहरादून में ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम में किया प्रतिभाग
देशभर के दिग्गज एनेस्थीसिया विशेषज्ञों का सुभारती में जमावड़ा, 15वें आईएसएकॉन-यूके 2026 का भव्य शुभारंभ