देहरादून में पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली का खेल, गांधी पार्क में टेंडर खत्म, फिर भी वाहनों से वसूले जा रहे पैसे, नगर निगम की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, नगर आयुक्त,मेयर ने दिए जांच के आदेश

देहरादून।

देहरादून में वाहन पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली का खेल खुलेआम जारी है। हैरानी की बात यह है कि यह पूरा मामला नगर निगम के अधिकारियों की नाक के नीचे चल रहा है, लेकिन अब तक इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है।

आलोक कुमार पांडेय,नगर आयुक्त

मामला शहर के प्रमुख गांधी पार्क से जुड़ा हुआ है, जहां वाहन पार्किंग का ठेका काफी समय पहले समाप्त हो चुका है। इसके बावजूद पार्किंग के नाम पर वाहन चालकों से लगातार पैसे वसूले जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं।

जानकारी के अनुसार, गांधी पार्क की पार्किंग का पूर्व टेंडर समाप्त हो चुका है और फिलहाल नगर निगम की ओर से नया टेंडर जारी नहीं किया गया है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब पार्किंग का कोई वैध ठेका ही मौजूद नहीं है, तो फिर किस अधिकार से वाहन चालकों से पार्किंग शुल्क वसूला जा रहा है?

आखिर कौन लोग हैं, जो पार्किंग के नाम पर इस कथित अवैध वसूली को अंजाम दे रहे हैं? क्या इन लोगों के पास नगर निगम की कोई अनुमति है, या फिर बिना किसी वैध अधिकार के ही सरकारी जमीन पर पार्किंग शुल्क वसूली का कारोबार चलाया जा रहा है?

इस पूरे मामले ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि पार्किंग का टेंडर समाप्त हो चुका है, तो फिर वहां वाहन शुल्क वसूली किसके आदेश पर हो रही है? और यदि निगम के अधिकारियों को इस मामले की जानकारी है, तो अब तक संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की गई?

लोगों के बीच यह सवाल भी उठने लगा है कि कहीं इस कथित अवैध वसूली के पीछे नगर निगम के किसी कर्मचारी या अधिकारी की मिलीभगत तो नहीं है? हालांकि, इस संबंध में किसी की भूमिका अभी साबित नहीं हुई है, लेकिन पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होना बेहद जरूरी है, ताकि सच्चाई सामने आ सके।

फिलहाल इस मामले को नगर आयुक्त और मेयर के संज्ञान में लाया गया है। बताया जा रहा है कि नगर आयुक्त और मेयर ने मामले की जांच के आदेश देते हुए दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।

अब देखना यह होगा कि नगर निगम की जांच में क्या सामने आता है? क्या गांधी पार्क में पार्किंग के नाम पर हो रही कथित अवैध वसूली पर रोक लगेगी? क्या जिम्मेदार लोगों के खिलाफ वास्तव में कार्रवाई होगी, या फिर यह मामला भी अन्य शिकायतों की तरह फाइलों में दबकर रह जाएगा?

फिलहाल गांधी पार्क की पार्किंग व्यवस्था और नगर निगम की कार्रवाई पर शहरवासियों की नजरें टिकी हुई हैं।

गांधी पार्क में पार्किंग का ठेका खत्म, लेकिन वसूली का खेल जारी! अब सवाल यह है कि आखिर इस अवैध वसूली का जिम्मेदार कौन है? क्या नगर निगम इस पूरे मामले का पर्दाफाश कर दोषियों को सलाखों के पीछे पहुंचाएगा, या फिर गांधी पार्क में पार्किंग के नाम पर जनता की जेब कटती रहेगी …?”

About Author

You may have missed