देहरादून
कालसी तहसील में एक पटवारी का रिश्वत लेते हुए वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो का संज्ञान लेते हुए एसडीएम ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। वहीं वीडियो बनाने वाले व्यक्ति से लिखित शिकायत भी मांगी गई है।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति पटवारी के पास दस्तावेज पर हस्ताक्षर करवाने के लिए पहुंचता है। व्यक्ति कहता है कि दस्तावेज पर मोहर लगा दीजिए। पटवारी कहता है की मोहर लगाना मेरा काम है पर खर्चा पानी लगेगा। व्यक्ति पटवारी को 500 रुपये का नोट देता है, लेकिन पटवारी कहता है कि दो हरी पत्ती लगेगी। व्यक्ति कहता है कि वह बड़ी मुश्किल से किसी से जुगाड़ कर पैसे लाया है। उसके पास घर जाने के लिए किराया भी नहीं है।
व्यक्ति बोलता है कि मोहर लगाने के बाद भी कुछ मिलता है या नहीं मिलता है। तब पटवारी कहता कि भरोसा नहीं है तो रहने दो, मैं बता रहा हूं कि मिलता है या नहीं मिलता है। पटवारी कहता है कि इससे कम में काम नहीं होगा, 500 रुपये और दो। वीडियो में पटवारी के हाथ में 500 रुपये का नोट भी नजर आ रहा है। पटवारी का एक सहायक भी साथ में बैठा है।
वीडियो में नजर आ रहे पटवारी का नाम सुखदेव जिनाटा बताया जा रहा है। पटवारी के पास सहिया के अलावा समाल्टा क्षेत्र का भी प्रभार है। एसडीएम कालसी योगेश मेहरा ने बताया कि वायरल वीडियो का मामला संज्ञान में है। उन्होंने बताया कि संबंधित पटवारी के खिलाफ जांच के आदेश दे दिए गए हैं। वहीं वीडियो बनाने वाले व्यक्ति से लिखित शिकायत भी ली जा रही है।

More Stories
फर्जी हस्ताक्षर एवं कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर 4 कम्पनियों में निदेशक के पद से हटाने के प्रकरण में फरार चल रहे मुख्य अभियुक्त व उसके साथी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी और सचिव मोहन सिंह बर्निया ने प्रदेशवासियों को दी दीपावली की शुभकामनाएं
भारत स्काउट एवं गाइड स्थापना दिवस पर प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से की भेंट, मुख्यमंत्री को स्कार्फ पहनाकर किया सम्मानित, स्थापना दिवस का फ्लैग स्टीकर भी लगाया