नही रहे उत्तराखंड के युवा संगीतकार गुंजन डंगवाल, चंडीगढ़ के पास सड़क दुर्घटना में आकस्मिक निधन, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जताया दुख।

देहरादून

उत्तराखंड के युवा संगीतकार गुंजन डंगवाल अब हमारे बीच नहीं रहे।
उनके आकस्मिक निधन से उत्तराखंड का संस्कृति जगत स्तब्ध है। सोशल मीडिया पर शोक संदेशों की बाढ़ आ गई है। गुंजन डंगवाल उन लोगों में थे, जिन्होंने अपने संगीत से उत्तराखंडी लोकगीतों को हजारों-लाखों लोगों तक पहुंचाया। वो युवा कलाकारों को तरजीह देते थे। उन्होंने लोकगीतों की आत्मा बचाए रखने के साथ ही उन्हें नया स्वरूप प्रदान करने की सफल कोशिश की। कुछ समय पहले ही उनका गीत द्यौ लागी रिलीज हुआ था, जिसे सोशल मीडिया पर खूब प्यार मिला। गुंजन डंगवाल, सुभाष पांडेय, विवेक नौटियाल की जोड़ी एक बार फिर जादू जगाने में कामयाब रही। लेकिन किसे पता था कि ये गीत गुंजन डंगवाल का आखिरी गीत बन जाएगा। उनका अचानक चले जाना उत्तराखंड के संगीत जगत के लिए बड़ा झटका है। बता दें कि संगीतकार गुंजन डंगवाल का चंडीगढ़ के पास सड़क दुर्घटना में आकस्मिक निधन हो गया।

मिली जानकारी के मुताबिक यह हादसा तड़के चार से पांच बजे के बीच हुआ। वह रात के समय चंडीगढ़ के लिए देहरादून के बंजारावाला स्थित टिहरी विस्थापित कॉलोनी के अपने घर से रवाना हुए थे, जिस दोस्त के पास उन्हें जाना था। उसने गुंजन के समय पर न पहुंचने पर गुंजन के मोबाइल में बीस से पच्चीस कॉल किए। इसके बाद उन्होंने पुलिस से संपर्क किया। बताया जा रहा है कि वह अपनी स्विफ्ट कार में सवार थे और दुर्घटना के वक्त अकेले ही थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही उनके माता-पिता देहरादून से चंडीगढ़ के लिए रवाना हो गए हैं। देर शाम तक उनके वापस दून पहुंचने की संभावना है। उनके साथ काम कर चुके एक अन्य संगीतकार रिद्मिस्ट ए प्लस स्टुडिया के रणजीत सिंह ने बताया कि गुंजन बेहद प्रतिभाशाली संगीतकार थे। कुछ साल पूर्व लगभग इन्ही दिनों बेहद लोकप्रिय युवा गायक पप्पू कार्की की भी सड़क दुर्घटना में दुखद मौत के बाद उत्तराखंडी गीत संगीत के लिए यह बड़ा झटका माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी प्रदेश के युवा लोकगायक एवं संगीत निर्देशक गुंजन डंगवाल के सड़क हादसे में निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

About Author

You may have missed