देहरादून: चारधाम यात्रा के दौरान स्वास्थ्य सुविधाओं को अधिक बेहतर रूप से उपलब्ध कराने के लिए एक विशेषज्ञ समिति का गठन किया गया है। इसके लिए स्वास्थ्य सचिव राधिका झा की ओर से आदेश जारी किए गए हैं।
एनएचएम डॉ. सरोज नैथानी की अध्यक्षता में गठित इस समिति में विषय विशेषज्ञ के तौर पर दून मेडिकल कॉलेज के प्रो. डॉ. अनुराग अग्रवाल, कार्डियोलॉजी विभाग के असिस्टेंट प्रो. डॉ. अमर उपाध्याय व हिमालयन अस्पताल में मेडिसिन विभाग के असिस्टेंट प्रो. डॉ. नवीन राजपूत को नामित किया गया है। यह समिति स्वतंत्र रूप से कार्य करेगी और केदारनाथ यात्रा मार्ग के हेल्थ स्क्रीनिंग शिविरों एवं स्वास्थ्य इकाइयों का निरीक्षण के लिए कल ही प्रस्थान करेगी। समिति विशेष रूप से आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं एवं स्वास्थ्य सुविधाओं में अधिक सुधार को लेकर राज्य सरकार को अपने सुझाव देगी।
उल्लेखनीय है कि चारधाम यात्रा में 50 वर्ष से अधिक उम्र के यात्रियों की हेल्थ स्क्रीनिंग अनिवार्य रूप से की जा रही है। अस्वस्थ पाये जाने पर उन्हें आगे की यात्रा की अनुमति न देकर वापस भी लौटाया जा रहा है। राज्य कंट्रोल रूप से प्राप्त सूचना के अनुसार अभी तक 259710 यात्रियों की हेल्थ स्क्रीनिंग की जा चुकी हैं। इनमें 95 यात्रियों को अस्वस्थ पाये जाने पर आगे की यात्रा से मना करते हुए वापस भेजा जा चुका है।
यात्रा के दौरान अभी तक 6575 श्रद्धालुओं को विभिन्न अस्पतालों में आकस्मिक चिकित्सा उपचार दिया गया है। इसके अतिरिक्त 104 हेल्प लाइन के माध्यम से भी यात्रियों की ट्रेकिंग की जा रही है, ताकि आकस्मिकता में उन तक स्वास्थ्य सेवाओं की मदद पहुंच सके और उन्हें रेस्क्यू किया जा सके।

More Stories
उत्तराखंड के प्रसिद्ध राष्ट्रीय निशानेबाज और शूटिंग कोच जसपाल राणा का 49 वर्ष की आयु में दिल्ली के मैक्स अस्पताल में निधन, खेल जगत में शोक की लहर
राजीव महर्षि ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार से की शिष्टाचार भेंट
अनिष्ट होने का भय दिखाकर पूजा पाठ के नाम पर आभूषण ठगने वाला ठग बाबा आया दून पुलिस की गिरफ्त में, ठगा गया लगभग 15 तोला सोना व 5 लाख की नकदी हुई बरामद