
देहरादून
आज खेल मंत्री रेखा आर्या द्वारा 38वें राष्ट्रीय खेलों के सम्बन्ध में वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली सभागार सचिवालय में समीक्षा बैठक आहूत की गयी। बैठक में राष्ट्रीय खेलों के आयोजन से सम्बन्धित अब तक की गयी तैयारियों का प्रस्तुतीकरण किया गया। 38वें राष्ट्रीय खेल माह अक्टूबर- नवम्बर 2024 में आयोजित किये जा सकते हैं ऐसे में खेल मंत्री ने बताया कि 38वें राष्ट्रीय खेल में 34 खेल विधाओं में प्रतियोगिताओं का आयोजन 02 मुख्य खेल हब जैसे देहरादून एवं हल्द्वानी के साथ-साथ पांच अन्य शहरों में भी किया जायेगा जिसमें लगभग 10,000 खिलाड़ियों की प्रतिभाग करने की सम्भावना है। खेलों के आयोजन हेतु प्राथमिक आंकलन कर विभिन्न कार्यों जैसे अवस्थापना, मेडिकल, एन्टी डोपिंग, सुरक्षा, आवास, ट्रांसपोर्ट, एक्रीडिटेशन एवं वॉलेन्टियर से सम्बन्धित माइक्रो प्लान तैयार कर लिये गये हैं। अवस्थापना सम्बन्धी निर्माण कार्य जो वर्तमान में गतिमान हैं जिनके जुलाई 2023 तक पूर्ण होने की सम्भावना है।
खेल मंत्री रेखा आर्या ने अधिकारियो को निर्देश दिये कि विशेष प्रमुख सचिव व निदेशक खेल स्वयं सभी अवस्थापना सुविधाओं का जायजा स्वयं ले और एक विस्तृत प्रस्तुतीकरण माननीय मुख्यमंत्री जी के लिये बनाकर प्रस्तुत करें। खिलाड़ियों की आवासीय व्यवस्था हेतु गुजरात में आयोजित 36वें राष्ट्रीय खेलों के अनुरूप होटल आदि का सर्वे कर स्तरीय आवास खिलाड़ियों को उपलब्ध कराने हेतु व्यवस्था सुनिश्चित कर दें मेडिकल, एन्टी डोपिंग से सम्बन्धित आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित कर ली जाये।
साथ ही खेल मंत्री रेखा आर्या ने यह भी निर्देश दिये गये कि उत्तराखण्ड राज्य में आयोजित किये जाने वाले 38वें राष्ट्रीय खेलों में 38 खेल विधाओं को यथासम्भव सम्मिलित किया जाये,इस हेतु भारतीय ओलम्पिक संघ से वार्ता कर ली जाये। खेल मंत्री द्वारा यह भी निर्देश दिये गये कि यथाशीघ्र मुख्यमंत्री के साथ इस सम्बन्ध में बैठक आहूत की जानी है, अतः बजटीय मांगों के साथ-साथ विस्तृत प्रस्तुतीकरण तैयार कर लिया जाये ताकि आयोजित की जाने वाली बैठक में प्रभावी निर्णय लिये जो सकें।
बैठक में विशेष प्रमुख सचिव, खेल अभिनव कुमार, अपर सचिव / निदेशक खेल जितेन्द्र कुमार सोनकर, उपसचिव खेल धीरेन्द्र कुमार, संयुक्त निदेशक डॉ० धर्मेन्द्र भट्ट, श्री एस०के० सार्की, अजय कुमार अग्रवाल उपनिदेशक शक्ति सिंह एवं सहायक निदेशक श्री नीरज गुप्ता उपस्थित रहे।

More Stories
चारधाम में यात्रियों की संख्या सीमित न करने के राज्य सरकार के निर्णय का स्वागत, तीर्थ पुरोहितों, होटल एवं ट्रैवल संगठनों ने मुख्यमंत्री धामी का जताया आभार
वीकेंड पर दून पुलिस ने उतारा थार सवारों का खुमार, ड्रंक एंड ड्राइव व यातायात नियमो के उल्लंघन पर कई काली थार सहित दर्जनों वाहनो को पुलिस ने किया सीज
सीएम धामी की अगुवाई में 18 वीं बार पीएम मोदी का स्वागत करेगा उत्तराखंड, प्रधानमंत्री 28वीं बार, मंगलवार को आएंगे उत्तराखंड दौरे पर