देहरादून: उत्तराखंड में हर घर तिरंगा अभियान के तहत 20 लाख घरों में तिरंगा फहराया जाएगा। इस कार्यक्रम को जनभागीदारी बनाया जाएगा। सरकार के अलावा विभिन्न संगठनों की जनभागीदारी की जाएगी।
सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा के साथ उत्तराखंड में हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियों के संबंध में विस्तार से विचार विमर्श किया।
इस दौरान संबित पात्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर आजादी के अमृत महोत्सव के तहत हर घर तिरंगा अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं है। यह एक जनआंदोलन है जिसमें सभी की भागीदारी जरूरी है। अधिक से अधिक लोग इससे जुड़ें। इसमें 13 से 15 अगस्त तक सभी देशवासियों से अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने का अनुरोध किया गया है।
उन्होंने कहा कि इसके लिये व्यापक स्तर पर प्रचार प्रसार किया जाए। विशेष तौर पर सोशल मीडिया का उपयोग किया जा सकता है। प्रधानमंत्री ने अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को सोशल मीडिया अकाउंट में डीपी और प्रोफाइल पिक लगाने की अपील की है। सभी संगठनों को साथ लिया जाए। स्कूली बच्चों और युवाओं को देश की आजादी से जुड़ी गौरव गाथाएं बताई जाएं। लोग इस अभियान से जुड़ सकें। इसके लिये फ्लैग कोड में कतिपय संशोधन किये गये हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियां चल रही हैं। प्रदेश में 20 लाख घरों में तिरंगा फहराया जाएगा। सभी विभागों को निर्देशित किया गया है। गैर सरकारी संगठनों व संस्थाओं को भी साथ लिया जा रहा है। उत्तराखंड देवभूमि के साथ वीर भूमि भी है। राष्ट्रवाद यहां की परम्परा है। निश्चित रूप से लोग स्वतः ही हर घर तिरंगा अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ धन सिंह रावत, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, संगठन महामंत्री अजेय कुमार, भाजपा के प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार उपस्थित थे।

More Stories
गणतंत्र दिवस के राज्य स्तरीय समारोह के लिए तैयार हो रही है सूचना विभाग की आकर्षक झांकी, राज्य की 25 साल की विकास यात्रा एवं शीतकालीन धार्मिक यात्रा व पर्यटन है झांकी की प्रमुख विषयवस्तु
सचिव आपदा प्रबंधन ने की राज्य में बारिश तथा बर्फबारी से उत्पन्न स्थिति की समीक्षा, अधिकारियों को 24 * 7 अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश
भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल सीमाद्वार में रोजगार मेले का आयोजन, 253 युवाओं को किये गए नियुक्ति पत्र वितरित