हल्द्वानी: उत्तराखंड के कई क्षेत्रों में रुक-रुक कर हो रही बरसात से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है. बारिश का असर उत्तराखंड के पड़ोसी देश नेपाल में भी देखा जा रहा है। उत्तराखंड के सीमांत जनपद पिथौरागढ़ से लगे नेपाल के अछाम जिले के तुर्माखांद भूल गांव में पहाड़ी दरकने के बाद चट्टान एक घर के ऊपर जा गिरी। जिससे मलबे में दबकर तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. इस घटना में गौशाला में दबकर 7 पशुओं की भी मौत हुई. जानकारी के अनुसार पिथौरागढ़ से लगे अछाम जिले के तुर्माखांद भूल गांव में रविवार रात करीब एक बजे भारी बरसात के चलते भूस्खलन हुआ। जिससे पहाड़ से एक चट्टान टूट कर मकान पर जा गिरी।
मकान के मलबे में 45 वर्षीय हरिकला बिष्ट, वीरेंद्र बिष्ट और संविधान बिष्ट की मौके पर ही मौत हो गई।जबकि, 65 वर्षीय एक महिला मलबे में दबे होने की सूचना मिली. जिसके बाद राहत बचाव दल आनन-फानन में मौके पर पहुंचा. कड़ी मशक्कत के बाद राहत बचाव दल ने महिला को मलबे से निकाला. घायल महिला को अस्पताल भेजा गया है. जहां उसका उपचार चल रहा है. इस हादसे में पूरा मकान ध्वस्त हो गया है. बताया जा रहा है कि मलबे में दबने से 7 पशुओं की भी मौत हुई है. लगातार सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में हो रही बरसात के चलते कई जगहों पर भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं. सबसे ज्यादा भूस्खलन का खतरा धारचूला, बंगापानी, मुंस्यारी समेत कई क्षेत्रों में देखा जा रहा है।

More Stories
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चारधाम यात्रा के लिए प्रेषित की शुभकामनाएं, प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड आने वाले तीर्थयात्रियों से पांच संकल्प अपनाने की अपील की
श्रद्धा, आस्था और दिव्यता की अद्भुत त्रिवेणी ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग श्री केदारनाथ के कपाट विधि-विधान के साथ खुले, मुख्यमंत्री धामी भी बने कपाट खुलने के दिव्य क्षणों के साक्षी
संयुक्त निदेशक के एस चौहान ने मुख्यमंत्री को भेंट की अपनी पुस्तक, पहलगाम… जब समय थम सा गया, पुस्तक चौहान के निजी अनुभव पर आधारित