देहरादून: उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों ने सरकार की चिंता बढ़ा दी है। कोविड संक्रमण को रोकने के लिए सरकार ने पूर्ण तालाबंदी की बजाय ‘मिनी लॉकडाउन’ पर भरोसा जताया है। इसे देखते हुए कोरोना से सर्वाधिक प्रभावित देहरादून, हरिद्वार व ऊधमसिंहनगर जिलों में अब 10 मई की सुबह 6 बजे तक ‘पूर्ण कर्फ्यू’ रहेगा। पहले वहां के नगर निकायों में 6 मई सुबह 6 बजे तक कोरोना कर्फ्यू लगाया गया था। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत की बुधवार को मंत्रियों के साथ हुई अनौपचारिक बैठक में यह फैसला लिया गया। अन्य जिलों के संबंध में निर्णय के लिए डीएम को अधिकृत किया गया। यह भी तय हुआ कि कर्फ्यू को सख्ती से लागू किया जाएगा। इसमें कंटेनमेंट जोन पर फोकस करने और लोगों के आवागमन को सीमित करने पर जोर दिया गया है।
वहीं बुधवार देर शाम को पौड़ी, चमोली, टिहरी, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, नैनीताल, चंपावत व बागेश्वर के जिलाधिकारियों ने अपने-अपने जिलों के नगर निकायों, कस्बों व ग्रामीण बाजारों में भी पूर्ण कर्फ्यू के आदेश जारी कर दिए हैं। बताया गया कि अल्मोड़ा व पिथौरागढ़ जिलों में गुरुवार को इस बारे में फैसला लिया जाएगा।
बता दें कि, उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण की रोकथाम के दृष्टिगत मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने बुधवार देर शाम को देहरादून में मौजूद कैबिनेट मंत्रियों बंशीधर भगत, सुबोध उनियाल व हरक सिंह रावत के साथ अनौपचारिक बैठक की। बैठक में प्रदेश में कोरोना संक्रमण की बढ़ती रफ्तार पर चिंता जताई गई। इस मौके पर लॉकडाउन को लेकर भी चर्चा हुई, मगर फिलहाल प्रभावित क्षेत्रों में पूर्ण कर्फ्यू लगाने और कोविड की गाइडलाइन का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने को सख्ती बरतने पर जोर दिया गया।
सरकार के प्रवक्ता एवं कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के अनुसार:
- पूर्ण कर्फ्यू के दौरान सब्जी व दूध की दुकानें दोपहर 12 बजे तक खुलेंगी।
- परचून की दुकानों को एक दिन छोड़कर खोलने के निर्देश दिए गए हैं। इनकी समय सीमा भी दोपहर 12 बजे तक ही रहेगी।
- मेडिकल स्टोर, पेट्रोल पंप पूरे दिन खुलेंगे।
- सरकारी दफ्तर 50 फीसद उपस्थिति के साथ खुले रहेंगे।
- जिलों में कर्फ्यू समेत अन्य सख्त कदम उठाने के लिए जिलाधिकारी अधिकृत।

More Stories
एसएसपी दून के निर्देशों पर अलर्ट मोड पर दून पुलिस, संदिग्धों की तलाश हेतु सुबह से ही जनपद के नगर तथा देहात क्षेत्र में वृहद स्तर पर चलाया गया सत्यापन अभियान
कमान संभालते ही एक्शन में दिखे दून पुलिस कप्तान, पुलिस की विजिबिलिटी बढाते हुए आपराधिक घटनाओ पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिये जनपद में 20 चैकिंग प्वांइट किये निर्धारित
अवैध निर्माणों पर एमडीडीए का बड़ा प्रहार, ऋषिकेश में कई भवन सील, निर्मल बाग और हरिद्वार रोड क्षेत्र में सख्त कार्रवाई, प्राधिकरण ने दी चेतावनी